📍 दुबौलिया | हर्रैया टाईम्स न्यूज़ सर्विस
सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। पिछले 24 घंटे में नदी के जलस्तर में चार सेमी. की वृद्धि दर्ज की गई है। जलस्तर में बढ़ोत्तरी से तटबंध पर दबाव बढ़ गया है।
मंगलवार को केंद्रीय जल आयोग अयोध्या के अनुसार सरयू नदी खतरे के निशान 92.73 मीटर से 25 सेमी ऊपर 92.98 मीटर पर प्रवाहित हो रही है। सोमवार को यह 21 सेमी. ऊपर थी। जलस्तर बढ़ने से अशोकपुर के कई टोले, श्रीराम पुरवा, भुवरिया, आंशिक टेड़वा, बिसुनदासपुर की अनुसूचित बस्ती की तरफ बाढ़ का पानी बढ़ने लगा है। जलस्तर बढ़ने से कटरिया-चांदपुर, चांदपुर-गौरा, गौरा-सैफाबाद तटबंध पर दबाव बढ़ गया हैं। नदी तटबंध को छूकर प्रवाहित हो रही है।
सुविखाबाबू टोला चारों तरफ पानी से घिरा हुआ है। बढ़ते जलस्तर से ग्रामीण सहमे हुए है। लोगों की नींद उड़ गई है। इतना ही नहीं जलस्तर में वृद्धि होने से पशुपालकों के सामने चारे का संकट खड़ा हो गया है। पशुपालकों को नदी पार करके पशुओं के लिए चारा लाना पड़ता है। उनका कहना है कि प्रशासन की तरफ से अभी तक पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था नहीं की कराई गई है। कटरियां, बंजरिया, आरजीडूही, शुक्लपुरा व चांदपुर सहित कई टोलों में पशुपालकों के सामने चारे के लिए संकट खड़ा हो गया है। कुछ पशुपालक जान जोखिम में डालकर नाव के सहारे नदी पार करके पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था कर रहे हैं।